नई दिल्ली, 9 अप्रैल। दिल्ली विधानसभा परिसर में नकाबपोश के कार घुसाने का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा था कि गुरुवार को मिले एक ई-मेल ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। सुबह एक मेल मिला, जिसमें विधानसभा को हमले की चेतावनी दी गयी है। इस मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गयी हैं। ई-मेल की जांच कर भेजने वाले का पता लगाया जा रहा है। मामले की खालिस्तान एंगल से भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली विधानसभा को आज सुबह एक बम विस्फोट की धमकी वाला ई-मेल मिला है। यह ई-मेल प्रातःकाल 8.14 बजे विधानसभा के आधिकारिक ई-मेल एकाउंट पर आया। इसमें ‘आत्मघाती बम हमले’ की धमकी दी गई है। ई-मेल में स्कूल (@1.11 बजे), सीएम गुप्ता (@3.11 बजे) और कश्मीरी मेट्रो (@9.11 बजे) जैसे शब्द दर्ज करते हुए विस्फोट कराने की बात कही गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस एजेंसियां और बम डिस्पोजल स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ईमेल की सत्यता की जांच कर रही है। अभी तक इसे झूठी धमकी माना जा रहा है, लेकिन बतौर एहतियात सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर की तलाशी ली जा रही है। इसके साथ ही मेट्रो स्टेशन और स्कूलों को भी अलर्ट किया गया है। विधानसभा परिसर में स्निफर डॉग्स, बम स्क्वॉड और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।





