नई दिल्ली, 12 अप्रैल। राजधानी के चाणक्यपुरी इलाके में सड़क पर रविवार को हुई एक मामूली टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया। एक बाइक सवार ने कार चला रहे व्यक्ति पर हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल की पहचान 55 वर्षीय रविंदर दहिया के रूप में हुई है, जो गृह मंत्रालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविंदर दहिया अपने परिवार के साथ पालम कॉलोनी के राज नगर-1 में रहते हैं और शास्त्री भवन में कार्यरत हैं। घटना 9 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब वह ऑफिस से कार से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि विनय मार्ग स्थित पेट्रोल/सीएनजी पंप के पास जैसे ही उन्होंने अपनी कार बाईं ओर मोड़ी, तभी पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी गाड़ी में हल्की टक्कर मार दी। टक्कर मामूली थी और बाइक सवार भी नहीं गिरा, लेकिन इसके बाद विवाद शुरू हो गया।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
शिकायत के मुताबिक, बाइक सवार गाड़ी रोककर दहिया के पास आया और गाली-गलौज करने लगा। दहिया ने बताया कि आरोपी के मुंह से बदबू आ रही थी, जिस पर उन्होंने उसे दूरी बनाकर बात करने के लिए कहा। इस बात पर आरोपी और भड़क गया।
आरोप है कि उसने अपने हेलमेट से दहिया के सिर पर कई बार हमला कर दिया। हमले की गंभीरता इतनी थी कि दहिया मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
पुलिस की कार्रवाई
चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।





