
जयपुर। राजस्थान बीजेपी महिला मोर्चा की नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के नेतृत्व में गठित इस 48 सदस्यीय टीम में अनुभव और युवाओं का संतुलन देखने को मिल रहा है। यह घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश के बाद की गई है।
नई टीम में 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 3 प्रदेश महामंत्री, 8 प्रदेश मंत्री और 12 प्रदेश प्रवक्ताओं सहित कुल 48 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। लंबे समय से इस टीम का इंतजार किया जा रहा था, क्योंकि प्रदेश महिला मोर्चा का अध्यक्ष पद करीब 11 महीने से खाली था। 1 जनवरी 2026 को राखी राठौड़ को इस पद पर नियुक्त किया गया था।
राखी राठौड़ पेशे से अधिवक्ता हैं और इससे पहले बीजेपी की प्रदेश प्रवक्ता, पार्षद तथा जयपुर ग्रेटर नगर निगम की उद्यान एवं पर्यावरण समिति की चेयरमैन रह चुकी हैं।
नई टीम में जयपुर संभाग का खासा प्रभाव देखने को मिला है, जबकि दक्षिण राजस्थान के उदयपुर और बांसवाड़ा जैसे क्षेत्रों से सीमित प्रतिनिधित्व दिया गया है। हालांकि श्रीगंगानगर, बालोतरा और बांसवाड़ा से भी कुछ चेहरों को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि भविष्य में टीम विस्तार के दौरान इन क्षेत्रों को अधिक महत्व मिल सकता है। इस बार टीम गठन में सोशल इंजीनियरिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व मिल सके। साथ ही सोशल मीडिया और आईटी सेल को मजबूत करने के लिए प्रभारी, सह-प्रभारी और संयोजकों की नियुक्ति की गई है। “मन की बात” कार्यक्रम के लिए भी अलग से संयोजक और सह-संयोजक बनाए गए हैं, जिससे जमीनी स्तर पर महिलाओं के बीच इसकी पहुंच बढ़ाई जा सके।
प्रमुख नियुक्तियां
प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में निकिता राठौड़, विजयलक्ष्मी राजपुरोहित, शिखा वेद, ज्योति मिश्रा, अंजू सैनी महेश्वरी, शानू यादव, और अनुराधा रेखा परिहार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश महामंत्री पद पर सुनीता व्यास, अरुण सिहाग और मूर्ति मीणा को नियुक्त किया गया है। प्रदेश मंत्री के रूप में डॉ. रजनी गावड़िया, मुकेश कंवर, जयश्री दाधीच, रेखा जैन, हंसिका गुर्जर, शर्मा,अमरावती शीला चंदन जाटव और सीमा अखावत को जगह मिली है।
प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची में अनुपमा मोदी, अदिति शर्मा, आंचल अवाना, मंजू सैनी, किरण मेघवाल, अंजली यादव, रजनी सोनी, निर्मला मकवाना, ममता कुमावत, सुनीता सैनी, चेतना मीणा और रमेश कुमारी कौर को शामिल किया गया है।




