गुरुग्राम, 6 अप्रैल। अखिल भारतीय खटीक समाज रजि. के द्वारा समाज में एकजुटता लाने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए ‘‘कम्यूनिटी कनेक्ट-2026’’ के नाम से एक कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र गुरुग्राम के होटल ली-मेरेडियन में किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय खटीक समाज के अध्यक्ष एवं उज्जैन से सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि कोई भी समाज तभी तरक्की कर सकता है जब समाज शिक्षित हो। शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके द्वारा आने वाली पीढ़ी अपना भविष्य संवार सकती है। इसके साथ ही यदि समाज की अग्रिम पंक्ति के लोग अपने लोगों की हर संभव मदद के लिए आगे आकर हाथ बढायें तो निश्चय ही समूचे समाज को ऊपर उठाया जा सकता है।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि हमने समाज के कई कार्यक्रमों में भाग लिया है लेकिन इस तरह से समाज के उत्थान पर गंभीर चर्चा पहली बार देखी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा इस प्रयास में रहते हैं कि कैसे गरीब, पिछड़े एवं वंचित लोगों का जीवन स्तर सुधारा जाये। इसके लिए सरकार द्वारा लघु व्यवसायियों के लिए तमाम योजनायें चलाई गई हैं। जिसका लाभ लेकर हम अपने जीवन में सुधार कर सकते हैं। इस अवसर पर बोलते हुए खटीक समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड सरकार के राज्यमंत्री सुरेन्द्र मोघा ने कहा कि आज समाज के युवा अपने पुस्तैनी व्यवसाय से हटकर समय के साथ विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रहे हैं। निश्चय ही जो समाज समय के अनुरुप अपने आप को ढाल लेते हैं वह विकास के साथ आगे बढ़ जाते हैं।
कार्यक्रम में अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे जिसमें समाज के विकास, एकता और युवाओं के उज्जवल भविष्य को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई। साथ ही समाज को मजबूत करने और लोगों को स्वावलंबी बनाने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर समाज के कई सफल व्यसायिओं ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि हमें नौकरी का मोह त्याग कर नौकरी देने वाला बनना चाहिए। यह तभी संभव है जब हम अपने कार्य को पूर्ण लगन और मेहनत के साथ अंजाम देंगे। कार्यक्रम में एमएसएमई के विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे आप सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ ले सकते हैं।
कार्यक्रम में समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, सेवाप्रदाताओं, महिला इंटरप्रेन्योर आदि को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक ललित पवार ने कहा कि आज जरुरत हम सभी के संगठित होकर कार्य करने की है। यह जरुरी नहीं कि आप क्या मदद कर सकते हैं, बल्कि आप जो कर सकते हैं उतना योगदान समाज हित में अवश्य दें। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक-दूसरे की मदद को स्वंय आगे आये तो निश्चय ही समूचे समाज का उत्थान संभव है। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय महासचिव भवानी शंकर राजौरिया एवं सिप्पी महिंद्रा ने संयुक्त रुप से पधारे सभी अतिथिओं का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशपाल पंवार, प्रदेशाध्यक्ष हरियाणा डॉ संजय कुमार मेवलीवाल समेत देश के कई राज्यों से आये तमाम पदाधिकारी और सहयोगी उपस्थित रहे।





