नई दिल्ली, 6 अप्रैल। एक नकाबपोश व्यक्ति कार लेकर दिल्ली विधानसभा परिसर के एक गेट से अंदर घुस गया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली यह कार दोपहर करीब 2 बजे गेट नंबर 2 को तोड़कर अंदर घुसी। दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया, “ड्राइवर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और वहां बने बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया।”
वारदात के बाद विधानसभा परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कार और उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना से सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं और अधिकारी इसे सुरक्षा में संभावित सेंध के तौर पर देख रहे हैं। सुरक्षा में यह सेंध हाल ही में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिली धमकियों के बाद सामने आई है।





