होम / ब्रेकिंग न्यूज़ / एलपीजी गैस की कमी के विरोध में ‘उपले की दुकान’ खोलकर अनोखा प्रदर्शन

एलपीजी गैस की कमी के विरोध में ‘उपले की दुकान’ खोलकर अनोखा प्रदर्शन

सभापुर वार्ड में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, रसोई गैस की उपलब्धता पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सभापुर वार्ड में एलपीजी गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से सड़क किनारे उपले (कंडे) की दुकान लगाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी की पूर्व निगम प्रत्याशी बीरेंद्र फौजी और साक्षी गुप्ता के नेतृत्व में कई स्थानीय कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस दौरान संदीप सिंह, रवि यादव, भगवान स्वरूप और सोनाली शुक्ला सहित अन्य साथियों ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आज आम लोगों के लिए रसोई गैस लगातार महंगी होती जा रही है और कई जगहों पर इसकी उपलब्धता भी समस्या बन रही है। उनका कहना था कि अगर यही स्थिति बनी रही तो लोगों को मजबूरन पुराने समय की तरह उपलों और पारंपरिक ईंधन का सहारा लेना पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से जवाब मांगा और रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि आम जनता की रसोई से जुड़ी इस समस्या पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में जनहित से जुड़े ऐसे विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *