अयोध्या, 19 मार्च। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वासंतिक नवरात्रि के पहले दिन वीरवार को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दूसरे तल पर विधिपूर्वक ‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना की। इस दौरान पुजारियों ने मंत्रोच्चारण किया और राष्ट्रपति पूजन ने सामग्री भगवान को अर्पण की। इस दौरान पूरा मंदिर प्रांगण शुभ मंत्रों से गूंजायमान हो उठा।
‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना के लिए बहुत ही खास दिन को चुना गया। हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के पहले दिन राम मंदिर में ‘श्री राम यंत्र’ स्थापित किया गया। पूर्वाहन 11 बजकर 55 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में इस दिव्य यंत्र का विधिवत पूजन राष्ट्रपति ने किया। बता दें कि पिछले आठ दिनों से अयोध्या में ‘श्री सीताराम राम जानकी यज्ञ’ आयोजित किया जा रहा था। उसी क्रम में आज यंत्र की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री योगी ने खुद यंत्र स्थापना की इस पूजा का वीडियो शेयर किया है, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मू हाथ में एक पात्र लिए हुए दिख रही हैं। उसमें दूब घास समेत अन्य पूजन सामग्री रखी हुई है। दूसरी तरफ मंदिर के पुजारी लगातार मंत्रोच्चारण कर रहे थे। इस बीच राष्ट्रपति ने पूजा के पात्र को अपने माथे से लगाया। इसके बाद इस पात्र को पुजारी ने ईश्वर के चरणों में अर्पण कर दिया। गोल्डन रंग का दिखने वाला राम यंत्र देखने में बहुत ही दिव्य और अद्भुत है। राम मंदिर के इस दिव्य और खास मौके पर सीएम योगी समेत अन्य गणमान्य अतिथि वहां मौजूद रहे। राष्ट्रपति मुर्मू ने यंत्र स्थापना के बाद भगवान राम के दर्शन भी किए।




