मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक बेहद घृणित घटना को अंजाम दिया है। यहाँ एक महिला के साथ सरेआम सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का प्रयास किया गया। संवेदनहीनता की हद तब पार हो गई जब भीड़ के बीच मनबढ़ों ने महिला के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसके कपड़े फाड़कर पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

भीड़ बनी रही तमाशबीन
जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले के एक थाना क्षेत्र की है, जहाँ सरेआम बीच सड़क पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी महिला को प्रताड़ित कर रहे हैं और वहां मौजूद लोगों की भीड़ मौन खड़ी तमाशा देख रही है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें न तो प्रशासन का भय था और न ही समाज का।
वीडियो वायरल होने और मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपियों की पहचान की। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
क्या है पूरी वारदात
जानकारी के अनुसार, यह वारदात 26 मार्च 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। पीड़िता दो बच्चों की मां है और घर में अपने सास-ससुर के साथ रहती है। उसका पति महाराष्ट्र में रहता है। शाम के वक्त जब पीड़ित महिला राशन की दुकान से सामान लेकर घर वापस आ रही थी, तभी रास्ते में तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया। उन तीनों ने उसे घेर कर पकड़ने की कोशिश की और शारीरिक अभद्रता व छेड़छाड़ की। शोर मचाने और बचाव का प्रयास करने के बावजूद वे नहीं रुके। जब वहां भीड़ एकत्रित होने लगी, तब भी उन्होंने उसके साथ बदसलूकी की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया है।”

मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। पुलिस अधीक्षक (SP) ने स्पष्ट किया है कि वीडियो के आधार पर अन्य दोषियों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
“महिला की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, बाकी अपराधियों को जल्द ही जेल के सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” — पुलिस विभाग



